Super Admin · Aug 3, 2026
उदयपुर। धानमंडी थाना क्षेत्र में व्यापारी के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि गंभीर हमले के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। न्याय की मांग को लेकर परिजन जिला कलेक्ट्री पहुंचे और बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात के बाद उन्हें पुलिस अधीक्षक से मिलने के निर्देश मिले हैं।
मारपीट की इस घटना के बाद अब पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। धानमंडी निवासी व्यापारी जयंत कुमार जैन की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 29 जुलाई की रात करीब 9 बजकर 15 मिनट पर वह अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार भेरूलाल साहू, उसका बेटा शिवम साहू और पत्नी अनीता साहू ने कथित रूप से उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया और दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। परिजनों का आरोप है कि हमले में व्यापारी के बेटे साहिल जैन को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे परिवार में भारी नाराजगी है। इसी को लेकर साहिल जैन के माता-पिता उदयपुर जिला कलेक्ट्री पहुंचे और अधिकारियों से न्याय दिलाने की मांग की। पीड़ित परिवार का कहना है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उदयपुर दौरे के दौरान उन्होंने उनसे मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ही वे पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे हैं। पीड़ित परिवार ने धानमंडी थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अपराधियों से मिलीभगत कर रही है और उनके साथ न्याय नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि बेटे के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे उन्हें न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के दरवाजे खटखटाने पड़ रहे हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!