Super Admin · Aug 17, 2026
उदयपुर। वंचित समाज इंसाफ पार्टी (राजस्थान) का प्रदेश कार्यकारिणी सम्मेलन धोली बावड़ी स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए वंचित, कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने तथा संगठन को प्रदेशभर में मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ए.ए. शेख ने देश के इतिहास एवं वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश को आजाद कराने में सभी वर्गों का साझा योगदान रहा है, जिसे कभी नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि करीब 200 वर्षों तक चले स्वतंत्रता संघर्ष में हमारे पूर्वजों और बड़ी संख्या में उलेमाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा अनेक लोगों ने देश की आजादी के लिए शहादत और कुर्बानियां दीं।
प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद नफीस शेख ने सम्मेलन के दौरान बड़ी राजनीतिक घोषणा करते हुए कहा कि वंचित समाज इंसाफ पार्टी वर्ष 2028 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और जनता के अधिकारों एवं वंचित वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।
पार्टी ने आगामी नगर परिषद, नगर पालिका, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत चुनावों में भी सक्रिय भागीदारी का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं तहसील स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को पार्टी से जुड़ने और संगठन के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
पार्टी ने सम्मेलन में अपना स्पष्ट विजन रखते हुए नारा दिया—
"सिर्फ वादे नहीं, अब काम होगा।"
सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ए.ए. शेख, राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर, राजस्थान प्रभारी कादरी साबिर, प्रदेश उपाध्यक्ष राठौड़ एवं प्रदेश सचिव शोएब सिंधी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव शोएब सिंधी ने किया।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!