Super Admin · Jun 28, 2026
उदयपुर। शहर में रविवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। तेज हवाओं के कारण शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पेड़ धराशायी हो गए। शुभ मंगल गार्डन के बाहर एक बड़ा पेड़ जड़ सहित उखड़कर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर गिर गया। इस हादसे में पेड़ के नीचे दो कारें, एक स्कूटर और एक मोटरसाइकिल दब गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति वाहनों के पास मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने पेड़ को हटाने का कार्य शुरू किया। पेड़ सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। इसी दौरान शहर के मदार नहर क्षेत्र के समीप भी तेज हवा के चलते एक अन्य पेड़ गिर गया। इस हादसे में नहर के पास सुरक्षा के लिहाज से लगी जाली भी इसकी चपेट में आग और क्षतिग्रस्त हो गयी इसके साथ नहर की दीवारों पर भी दरार हो गयी। पेड गिरने से पुरा रास्ता बाधित हो गया। जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ, हालांकि इस घटना में भी किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन कार इसकी चपेट में आ गयी। स्थानीय लोगों की मदद और संबंधित विभाग की कार्रवाई के बाद रास्ता साफ कराया गया और यातायात को सामान्य किया गया। लगातार बदलते मौसम और तेज हवाओं के बीच नागरिकों से भी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। समय रहते राहत कार्य शुरू होने और किसी के पेड़ों की चपेट में नहीं आने से दोनों घटनाओं में बड़ा हादसा टल गया, लेकिन वाहनों को नुकसान पहुंचा और कुछ समय तक लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!