Super Admin · Jul 11, 2026
गोगुंदा। उदयपुर जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के राठौड़ों का गुड़ा गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने दो सगे भाइयों के सूने मकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दोनों घरों से करीब 30 तोला सोने तथा 2 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 40 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने भंवर भारती पुत्र प्रताप भारती और चंदन भारती पुत्र प्रताप भारती के बंद पड़े मकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घरों में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया और अलमारियों के लॉक तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
शनिवार सुबह परिजनों को चोरी का पता चला तो उन्होंने तुरंत बड़गांव थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी लेकर रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात का खुलासा करने के लिए आसपास के संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी की इस बड़ी वारदात को किसी संगठित गिरोह ने योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!