Super Admin · Aug 4, 2026
उदयपुर। शहर में अवैध निर्माण पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। मंगलवार को निगम की टीम मल्लातलाई रोड स्थित आईजी आवास के पास पहुंची, जहां एक भवन में स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच में सामने आया कि भवन मालिक को केवल दो मंजिल निर्माण की अनुमति मिली थी, लेकिन इसके बावजूद तीसरी मंजिल का निर्माण कर लिया गया। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर निगम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीसरी मंजिल की छत को पंचर कर दिया। कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौके पर मौजूद रही। पूरे क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर लोगों की भीड़ भी जुट गई और निगम की कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। नगर निगम का कहना है कि शहर में बिना स्वीकृति या स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि किसी भी भवन का निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य करें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!