Super Admin · Jul 15, 2026
उदयपुर। जिले सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में समाज के पंचों द्वारा शराबबंदी के नियम का उल्लंघन करने पर एक युवक को पेड़ से रस्सी के सहारे उल्टा लटकाकर उसकी पिटाई की गई। और युवक पर 11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को डिटेन कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि यह घटना 12 मई की है। कमोल निवासी चुनाराम गमेती ने शराब के नशे में अपने पिता के साथ मारपीट की थी। अगले दिन समाज के कुछ लोगों ने भील बस्ती में बैठक बुलाई। बैठक में समाज के शराबबंदी नियम तोड़ने का आरोप लगाते हुए चुनाराम पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद उसका एक पैर रस्सी से बांधकर पेड़ पर उल्टा लटका दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और अमानवीय कृत्य के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें डिटेन कर लिया। मामले की जांच जारी है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!