Super Admin · Jul 8, 2026
गोगुंदा, 8 जुलाई। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोडी के वेलावतों की भागल में पुश्तैनी रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद गुरुवार को उस समय गंभीर हो गया, जब गांव के वृद्ध अंबाव सिंह राजपूत के निधन के बाद उनकी अर्थी को श्मशान घाट तक ले जाने का रास्ता ही बंद मिला। आरोप है कि विवादित मार्ग पर एक पक्ष ने कांटेदार झाड़ियां डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया, जिससे अंतिम यात्रा आगे नहीं बढ़ सकी।
रास्ता बंद होने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर अर्थी रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया तथा प्रशासन से तत्काल श्मशान घाट का मार्ग खुलवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यह वर्षों पुराना पुश्तैनी रास्ता है, जिसका उपयोग अंतिम संस्कार सहित गांव के लोग नियमित रूप से आवागमन के लिए करते आ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस विवाद को लेकर करीब 10 दिन पहले भी गोगुंदा उपखंड अधिकारी, तहसील प्रशासन एवं गोगुंदा पुलिस को ज्ञापन सौंपकर मार्ग खुलवाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट का रास्ता खुलने तक अंतिम संस्कार संभव नहीं है। घटना की सूचना पुलिस-प्रशासन को दे दी गई है। सूचना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के मौके पर पहुंचकर विवाद का समाधान कराने का इंतजार किया जा रहा है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!