Super Admin · Oct 26, 2026
उदयपुर। अधिवक्ताओं और पुलिस प्रशासन के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश जाजोदिया से जुड़े मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वकील लगातार विरोध जता रहे हैं। सोमवार को अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में सुंदरकांड का पाठ किया। वकीलों के इस कदम को मामले में कार्रवाई की मांग के बीच विरोध के एक अलग तरीके के तौर पर देखा जा रहा है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि परिवाद देने के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। उनका यह भी आरोप है कि सवीना थाने में पुलिस की मौजूदगी के दौरान आरोपी पक्ष की ओर से कथित तौर पर धमकाने की स्थिति बनी, लेकिन तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई। वकीलों ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के साथ उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच और संबंधित लोगों की कॉल डिटेल खंगालने की मांग भी उठाई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि इन साक्ष्यों की जांच से पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। इससे पहले रविवार को वकीलों ने सवीना थाने के बाहर धरना दिया था, जबकि सोमवार को एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अब कलेक्ट्रेट परिसर में सुंदरकांड के पाठ के जरिए अधिवक्ताओं ने अपना विरोध जारी रखा है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!