Super Admin · Aug 27, 2026
उदयपुर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में उदयपुर के सवीना इलाके में टीम ने नकली पनीर की सूचना पर एक ऑटो को रुकवाकर जांच की। ऑटो की तलाशी के दौरान करीब 100 किलो पनीर मिला। विभाग की टीम ने पनीर के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार ऑटो चालक की पहचान दशरथ डांगी के रूप में हुई है, जो मनोहरपुरा, बाठेड़ा खुर्द, उदयपुर का निवासी बताया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार ऑटो में मिला पनीर उदयपुर की अलग-अलग डेयरियों में सप्लाई किया जाना था। हालांकि पनीर असली है या इसमें किसी तरह की मिलावट की गई है, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय टीम के फूड इंस्पेक्टर राजेश शर्मा के साथ उदयपुर से खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता और नरेंद्र सिंह चौहान मौजूद रहे। टीम ने मौके से पनीर के नमूने लेकर उन्हें आगे की जांच के लिए भेजा है। रक्षाबंधन जैसे त्योहारों से पहले बड़ी मात्रा में पनीर पकड़े जाने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर हड़कंप मच गया है। विभाग अब जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट में अगर पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता है या उसमें मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!