Super Admin · Jul 24, 2026
उदयपुर। जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के सेमटाल में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाई निजी बस की चपेट में आ गए। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को डिटेन कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एक निजी बस गोगुंदा से बरवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान रावलिया खुर्द से गोगुंदा की ओर आ रहे बाइक सवार दो भाई बस की चपेट में आ गए। हादसे में धनाराम नट और भारत नट गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को तत्काल गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद धनाराम नट को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल भारत नट की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त निजी बस को जब्त कर उसके चालक को डिटेन कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!