Super Admin · Jul 13, 2026
गोगुंदा, 13जुलाई। सूरजगढ़-ढेलावास मार्ग पर बायन माता मंदिर के सामने सोमवार को मिट्टी से भरा एक ओवर लोड डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक सुरक्षित बाहर निकल आया, जिससे जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर पलटते ही पास से गुजर रहे बिजली के तार एक पेड़ पर गिर गए। शॉर्ट सर्किट होने से पेड़ में आग लग गई। गनीमत रही कि आग डंपर तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ से स्थिति पर तुरंत नियंत्रण कर लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि डंपर हथिया तलाई क्षेत्र से सुरंग का मलबा लेकर पिपला चौरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बायन माता मंदिर के सामने चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर सड़क किनारे पलट गया।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार दौड़ रहे ओवरलोड डंपरों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। साथ ही ऐसे ओवरलोड वाहन आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और उनकी आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग की है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!