Super Admin · Jul 24, 2026
उदयपुर, 24 जुलाई। मौलाना फैजान रज़ा को दारुल उलूम बराव शरीफ से दस्तार-ए-फ़ज़ीलत की सनद प्राप्त होने तथा विश्व प्रसिद्ध जामे अल-अज़हर यूनिवर्सिटी, काहिरा (मिस्र) में उच्च शिक्षा के लिए चयनित होने पर पलटन मस्जिद इंतेज़ामिया कमेटी द्वारा उनका भव्य इस्तक़बाल किया गया।
इस अवसर पर पलटन मस्जिद के इमाम मुफ्ती आकिब रिज़वी ने साफ़ा पहनाकर उनका स्वागत किया। मुस्लिम महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मुहम्मद हनीफ़ ने उपरना ओढ़ाकर तथा महासंघ की ओर से नकद सम्मान राशि भेंट कर उनकी हौसला अफ़ज़ाई की। महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष हाजी मोहम्मद बक्ष ने माला पहनाकर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुफ्ती शाकिरुल क़ादरी ने इल्म की फ़ज़ीलत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि क़ौम को तरक्की की राह पर आगे बढ़ना है, तो शिक्षा और इल्म को अपनाना होगा। उन्होंने युवाओं से उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
मौलाना फैजान रज़ा उदयपुर से मिस्र के काहिरा स्थित विश्वविख्यात जामे अल-अज़हर यूनिवर्सिटी में उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले पहले छात्र बने हैं। उनकी इस उपलब्धि से उदयपुर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
इस अवसर पर पलटन मस्जिद इंतज़ामिया कमेटी के सचिव रियाज़ हुसैन, नासिर खान, डॉ.ज़ुबैर खान,माज़िद खान, मोहसिन खान, इज़हार हुसैन, सलीम मुहम्मद, सैय्यद अनीस, आज़ाद खान,हाजी सत्तार मुल्तानी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मौलाना फैजान रज़ा को माल्यार्पण कर शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!