Super Admin · Aug 15, 2026
उदयपुर। लोकसभा के उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने मानसून सत्र के दौरान हुए कामकाज और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए शनिवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया। वार्ता के दौरान उन्होंने वंदे मातरम को सम्मान देने, नकल विरोधी कानून और एनटीए के पुनर्गठन को महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं विपक्ष पर संसद में चर्चा से भागने और लगातार हंगामा करने का आरोप लगाया। सांसद ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाता है और बाद में पलायन कर जाता है। आदिवासी क्षेत्र और मानगढ़ धाम को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी।
एनटीए के पुनर्गठन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गलतियां करने वाले 47 लोगों को हटाया गया और नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में विशेषज्ञों और अधिकारियों की उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है। सांसद ने विपक्ष पर संसद में जिम्मेदारी के साथ चर्चा नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि विपक्ष बार-बार अपने मुद्दे बदलता रहा और अमित शाह सहित अन्य विषयों पर चर्चा के लिए सरकार के तैयार होने के बावजूद हंगामा करता रहा। एफसीआरए को लेकर भी सांसद ने विदेशी धन के एनजीओ तक पहुंचने और उसके इस्तेमाल से जुड़े सवाल उठाए। वहीं उदयपुर क्षेत्र के जल, इंफ्रास्ट्रक्चर और किसानों से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने की बात कही। मानगढ़ धाम के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस स्थान को लेकर आधे-अधूरे तथ्यों के आधार पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नरेंद्र मोदी के 2022 के मानगढ़ दौरे, राष्ट्रपति के 2024 में वहां पहुंचने और वसुंधरा राजे सरकार के समय बनाए गए गोविंद गुरु पैनोरमा का उल्लेख किया। सांसद ने धरती आबा जनजाति उन्नत ग्राम अभियान के तहत 63 हजार गांवों में 25 योजनाओं का संतृप्ति स्तर तक लाभ पहुंचाने और 79 हजार करोड़ रुपये के बजट का जिक्र किया। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना के 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान को भी बताया। वहीं राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सांसद ने उनके बयानों को लेकर गंभीरता नहीं बरतने की बात कही और विपक्ष पर मुद्दे उठाकर राजनीतिक ड्रामा करने का आरोप लगाया। नक्सलवाद को विकास और आदिवासी विरोधी बताते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के नाम पर ऐसी राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जेन-जी पीढ़ी को प्रतिभाशाली और डिजिटल युग के साथ आगे बढ़ने वाली पीढ़ी भी बताया।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!