Super Admin · Jun 20, 2026
उदयपुर। मेवाड़ के महाराणा का गौर अपमान नहीं सहेगा मेवाड़। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मेवाड़ के महाराणा विश्वराज सिंह, ब्रिगेडियर भूपेश सिंह हाड़ा और इतिहासकार राजवीर सिंह चलकोइ की तस्वीरों के कथित अपमान का मामला सामने आने के बाद राजपूत समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान इन हस्तियों की तस्वीरों को पैरों तले रौंदा, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। जानकारी के अनुसार विवाद एनसीईआरटी के एक पाठ्यक्रम में प्रकाशित मराठा साम्राज्य के नक्शे को लेकर शुरू हुआ। इस नक्शे में राजस्थान के कुछ क्षेत्रों को मराठा साम्राज्य के अधीन दर्शाए जाने पर महाराणा विश्वराज सिंह, ब्रिगेडियर भूपेश सिंह हाड़ा और इतिहासकार राजवीर सिंह चलकोइ ने सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई थी। इसके बाद मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में विरोध के दौरान तस्वीरों के कथित अपमान की घटना सामने आई। घटना के बाद उदयपुर सहित मेवाड़ क्षेत्र में विभिन्न राजपूत संगठनों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे मेवाड़ की अस्मिता और गौरव का अपमान बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी तूल पकड़ना शुरू कर दिया है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!