मोगराबाड़ी में चेन स्नेचर्स का दुस्साहस, 77 वर्षीय महिला को धक्का देकर लूट का प्रयास

मोगराबाड़ी में चेन स्नेचर्स का दुस्साहस, 77 वर्षीय महिला को धक्का देकर लूट का प्रयास

Super Admin Super Admin · · 1 min read · 0 views

Share this article

मोगराबाड़ी में चेन स्नेचर्स का दुस्साहस, 77 वर्षीय महिला को धक्का देकर लूट का प्रयास

मोगराबाड़ी में चेन स्नेचर्स का दुस्साहस, 77 वर्षीय महिला को धक्का देकर लूट का प्रयास

Super Admin · Jul 11, 2026

उदयपुर। शहर में चेन स्नेचर्स का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह मोगराबाड़ी कॉलोनी में मॉर्निंग वॉक पर निकली 77 वर्षीय महिला कमला कावड़िया से चेन लूटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वे सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार कमला कावड़िया पत्नी चांद सिंह कावड़िया सुबह टहलने निकली थीं। मोगराबाड़ी कॉलोनी के गेट से मुख्य सड़क पर पहुंचते ही मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी चेन झपटने का प्रयास किया। कमला कावड़िया ने चेन बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया। गिरने से उनकी गर्दन और कोहनी पर चोटें आईं, वहीं कमर में भी दर्द की शिकायत है। घटना के बाद वे काफी सहम गईं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग सतर्क हो गए। इसी दौरान कच्ची बस्ती क्षेत्र में मौजूद पार्षद पति रवि ने तत्काल मोगराबाड़ी कॉलोनी के दोनों प्रवेश द्वार बंद करा दिए। मोगराबाड़ी की संरचना ऐसी है कि दोनों गेटों के बीच मुख्य सड़क आती है और पीछे की ओर वाहनों के निकलने का कोई रास्ता नहीं है। दोनों गेट बंद होने से बदमाश कॉलोनी के भीतर ही फंस गए। भागने का रास्ता नहीं मिलने पर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल सहित उस संकरे पैदल मार्ग की ओर पहुंचे, जहां उदियापोल की तरफ जाने के लिए ऊंची सीढ़ियां बनी हुई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने जोखिम उठाते हुए मोटरसाइकिल से पहले आठ सीढ़ियां चढ़ीं, फिर समतल हिस्से को पार कर दूसरी ओर की आठ सीढ़ियां उतरने का प्रयास किया। इस दौरान एक युवक संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ा, जबकि दूसरे ने मोटरसाइकिल संभालकर उसे निकाला और दोनों शिवाजी नगर कम्युनिटी हॉल की ओर होते हुए सर्वऋतु विलास कॉलोनी की तरफ फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान सर्वऋतु विलास कॉलोनी में भी आरोपियों ने एक अन्य महिला की चेन छीनने का प्रयास किया, हालांकि वह वारदात सफल नहीं हो सकी। घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए।

How did this make you feel?

Comments (0)

Log in or create an account to leave a comment.

No comments yet. Be the first!