Super Admin · Aug 28, 2026
उदयपुर, 28 अगस्त। उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा खांजीपीर क्षेत्र को लेकर की गई कथित “मिनी पाकिस्तान” टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को खांजीपीर क्षेत्रवासियों ने नूरी चौक में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
खांजीपीर सदर अब्दुल कलीम खान ने कहा कि खांजीपीर उदयपुर का अभिन्न हिस्सा है और यहां के लोग वर्षों से आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ रहते आए हैं। किसी पूरे क्षेत्र को इस प्रकार की संज्ञा देना क्षेत्रवासियों की भावनाओं और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है।
उन्होंने कहा कि खांजीपीर क्षेत्र ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आता है, जबकि ताराचंद जैन उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। ऐसे में अपने विधानसभा क्षेत्र से बाहर स्थित खांजीपीर क्षेत्र के संबंध में इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। जनप्रतिनिधियों से समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खांजीपीर के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 1939 से 1945 के द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान महाराणा भूपाल सिंह जी की सज्जन इन्फैंट्री में शामिल होकर क्षेत्र के कई वीरों ने युद्ध में भाग लिया था।
इनमें सूबेदार छोटे खान, गुलशेर खान, हमीद खान, आशिक अली, माशूक अली, दिलदार खान, सुल्तान खान, अलीमुद्दीन खान, वजीर खान, अब्दुल रहमान, कप्तान छोटे खान द्वितीय, एहसान खान एवं फकीर अली के नाम प्रमुख रूप से बताए गए।
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1962, 1965 एवं 1971 के युद्धों में भी खांजीपीर क्षेत्र के अनेक वीर जवान भारतीय सेना का हिस्सा बनकर देश की रक्षा में शामिल रहे और मातृभूमि के लिए अपना योगदान दिया। यह क्षेत्र देशभक्ति, सैनिक सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की गौरवशाली परंपरा रखता है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि जिस खांजीपीर क्षेत्र के लोगों ने देश के लिए युद्धों में भाग लेकर अपना योगदान दिया, उस क्षेत्र को “मिनी पाकिस्तान” कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
खांजीपीरवासियों ने इस मामले मे राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजकर पूरे प्रकरण का संज्ञान लेने, टिप्पणी की निष्पक्ष जांच करवाने तथा आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट कहा कि खांजीपीर की पहचान देशभक्ति, भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र के प्रति योगदान से है, किसी विवादित टिप्पणी से नहीं। उन्होंने सभी नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद क्षेत्रवासियों ने हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद राशिद खान, फिरोज अहमद शेख, अब्दुल सलाम खान, इशाहक खान, मुस्तफा शेख, कादिर खान, फारूक कुरेशी, मोहम्मद सलीम शेख, सहित मोहल्ले के जिम्मेदार नागरिक उपस्थित थे।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!