Super Admin · Sep 6, 2026
उदयपुर। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपना संकल्प पत्र जारी करते हुए मौजूदा भाजपा बोर्ड पर शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को चरमराने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि माइक्रो लेवल प्लानिंग के अभाव में उदयपुर, जो मेवाड़ की आन-बान-शान और सांस्कृतिक धरोहर का प्रमुख केंद्र है, आज बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और शहर की पहचान के संकट से जूझ रहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि वह उदयपुर को वैश्विक मानचित्र पर एक आदर्श, आधुनिक और जन-केंद्रित महानगर के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पार्टी ने भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में उपेक्षित रहे ऐतिहासिक रिवरफ्रंट के पुनरुद्धार और शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली झीलों के पानी को आधुनिक तकनीक आधारित प्लांटों के जरिए पूरी तरह शुद्ध करने का वादा किया है। इसके साथ ही उदयपुर के प्राचीन मंदिरों, बावड़ियों, घाटों और ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण के लिए एक विशेष 'धरोहर संरक्षण कोष' गठित करने और लगभग 4000 वर्ष पुरानी आहाड़ सभ्यता तथा आयड़ नदी को अतिक्रमण व प्रदूषण से मुक्त कराने की घोषणा की गई है। अरावली की पहाड़ियों पर अवैध कटाई और निर्माण कार्यों पर पूर्ण रोक लगाकर शहर के हरित आवरण को बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया है।
पेयजल एवं झील संरक्षण के मोर्चे पर कांग्रेस ने पिछोला, फतेह सागर, उदयसागर सहित सभी झीलों में गंदे पानी की रोकथाम के लिए अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाने और बेड़च नदी व उदयसागर झील में प्रवाहित होने वाले गंदे पानी की नियमित निगरानी हेतु सख्त टास्क फोर्स गठित करने की बात कही है। साथ ही शहर के हर वार्ड में समान दबाव के साथ स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया है।
स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने हर वार्ड में निःशुल्क प्राथमिक जांच, परामर्श और दवाइयों वाले 'स्वास्थ्य क्लीनिक' खोलने, गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु निगम स्तर पर विशेष चिकित्सा सहायता शिविर व सहायता डेस्क स्थापित करने की घोषणा की है। गरीब परिवारों और श्रमिकों को रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के साथ-साथ वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन योजनाओं के सत्यापन व निस्तारण के लिए घर-द्वार पर शिविर लगाने का भी वादा किया गया है।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर संकल्प पत्र में हर वार्ड में आधुनिक सुविधाओं और फ्री वाई-फाई से युक्त ई-लाइब्रेरी स्थापित करने तथा युवाओं व महिलाओं को कंप्यूटर, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में निःशुल्क तकनीकी-व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के लिए कौशल विकास केंद्र खोलने की बात कही गई है। इसके अलावा नगर निगम द्वारा वर्षों से उलझाए गए 272 विवादित प्लॉटों के मामलों का पारदर्शी और त्वरित समाधान करने, शहरभर में बंद पड़े सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार करने और महिला सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर नाइट-विज़न सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी संकल्प लिया गया है।
पार्टी ने बेघर और लंबे समय से बसे पुराने निवासियों को आवासीय पट्टे देने, आगजनी की घटनाओं से बचाव हेतु 70 मीटर फ्री एयर स्पेस नियम लागू करने और नए फायर स्टेशनों की स्थापना करने का भी भरोसा दिलाया है। प्रशासनिक सुगमता के लिए वार्डों के जोनवार विभाजन, उदयपुर को भविष्य में मेट्रो सिटी, पर्यटन एवं वैश्विक स्तरीय वेडिंग सिटी के रूप में विकसित करने तथा ईस्टर्न इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के निर्माण से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की योजना भी संकल्प पत्र का हिस्सा है।
इसके अलावा उदयपुर को फिल्म सिटी टाउनशिप के रूप में विकसित करने, राजीव गांधी पार्क को डिज्नीलैंड की तर्ज पर विश्वस्तरीय गार्डन बनाने, शहर को स्लम-फ्री बनाकर पुराने कब्जों का नियमितीकरण करने, रिंग रोड व सैटेलाइट टाउन के जरिए यातायात दबाव कम करने और नाइट फूड प्लाजा के माध्यम से नाइट इकॉनोमी को बढ़ावा देने की भी घोषणा की गई है। पार्टी ने मेवाड़ी भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए विशेष आयोजनों, नागरिकों हेतु जीवन सुरक्षा बीमा पॉलिसी लागू करने और यूडी टैक्स की तर्कसंगत समीक्षा का भी वादा किया है।
संकल्प पत्र के अंत में कांग्रेस पार्टी ने उदयपुरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को सहेजने के लिए सभी को मिलकर आगे आना होगा और एक वोट से उदयपुर को बर्बादी से बचाकर दुनिया का सबसे खूबसूरत व विकसित शहर बनाने का संकल्प लेना होगा।
संकल्प पत्र रघुवीर सिंह मीणा (अध्यक्ष, देहात उदयपुर जिला कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व सांसद उदयपुर), (ताराचंद मीणा, पूर्व जिला कलेक्टर एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी),पंकज कुमार शर्मा, (प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं प्रवक्ता), फतह सिंह राठौड़ (अध्यक्ष, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी), प्रो. पी.आर. व्यास (चेयरमैन, मैनिफेस्टो कांग्रेस कमेटी, उदयपुर), प्रो. दरियाव सिंह चुंडावत और प्रो. महेश शर्मा (कांग्रेस विचार विभाग सदस्य) की ओर से ओर से जारी किया गया है। फीरोज अहमद शेख, दिनेश दवे सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!