Super Admin · Jul 23, 2026
उदयपुर, 23 जुलाई। गोगुंदा क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग ने मोस्ट वांटेड हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। बेकरिया थाना क्षेत्र के डांग का हेराल कला गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान वन भूमि पर बनाए गए पक्के निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा, जबकि आरोपी और उसके साथी पुलिस के पहुंचने से पहले ही जंगलों में फरार हो गए।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस का मुख्य निशाना जिले के मोस्ट वांटेड और बेकरिया थाने के हिस्ट्रीशीटर सिंगाराम गरासिया पर था, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार सिंगाराम गरासिया लूट, चोरी, डकैती, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में वांछित चल रहा है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान वन भूमि पर किए गए उसके अवैध निर्माणाधीन पक्के मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा आरोपी के भाई मीठाराम के निर्माणाधीन पक्के मकान पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में भय और आमजन में कानून के प्रति विश्वास कायम करना है। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक मकानों की तलाशी भी ली। हालांकि पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही आरोपी सिंगाराम गरासिया, उसका भाई, साला और अन्य सहयोगी जंगलों की ओर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने जंगलों में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई के दौरान कोटड़ा पुलिस उपाधीक्षक डूंगर सिंह चुंडावत, देवला तहसीलदार कुकवा राम, वन विभाग के अधिकारी, बेकरिया थानाधिकारी रामअवतार मीणा, सायरा थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत, पानरवा थानाधिकारी शब्बीर खान, मांडवा थानाधिकारी मुगलाराम सहित गोगुंदा, कोटड़ा थानों का पुलिस जाब्ता और पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल तैनात रहा। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!