Super Admin · Jul 5, 2026
उदयपुर, 5 जुलाई। हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान के तहत पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही के तहत खेरवाड़ा थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 18 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी करनाराम जाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 एवं 5 जुलाई को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 18 बाइक जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि 2 जुलाई से 16 जुलाई तक जिलेभर में हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य दुपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना है। अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने, ओवरस्पीड, लेन अनुशासन के उल्लंघन सहित अन्य यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। कार्रवाई को थानाधिकारी करनाराम जाट, उपनिरीक्षक राजसिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, दिग्विजय सिंह, गिरधारी लाल तथा कांस्टेबल दिलीप ने अंजाम दिया।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!