Super Admin · Jul 23, 2026
उदयपुर, 23 जुलाई। जिले के गोगुंदा कस्बे के खटीक मोहल्ले में बुधवार देर शाम मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। पेशाब करने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात में देवीलाल उर्फ राजा बाबू खटीक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। जानकारी के अनुसार, आरोपी ओमप्रकाश खटीक और मृतक देवीलाल उर्फ राजा बाबू खटीक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तलवार निकालकर देवीलाल पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण देवीलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना मृतक की मां और भाई के सामने हुई, जिससे परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!