Super Admin · Jul 31, 2026
उदयपुर। जिले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बेकरिया थाना क्षेत्र के आकियावड़ के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार एक ही परिवार के चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में मासूम बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि उपचार के दौरान दंपती ने भी दम तोड़ दिया। परिवार का दूसरा बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना बीती देर शाम बेकरिया थाना क्षेत्र के आकियावड़ के पास की है जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में मासूम तुषार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही बेकरिया पुलिस मौके पर पहुंची। हाईवे टीम के भगवत सिंह झाला और हाईवे एंबुलेंस के कुशवर्धन सिंह झाला ने राहत कार्य शुरू कराया। एंबुलेंस की मदद से गंभीर घायलों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान नवनीत मीणा और उनकी पत्नी संगीता मीणा ने भी दम तोड़ दिया। दोनों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। वहीं उनका बेटा निखिल गंभीर हालत में भर्ती है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार राजसमंद जिले के जल चक्की क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि कार सवार लोगों के शराब के नशे में होने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।गोगुंदा थाने के एएसआई योगेंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने में खड़ा करवाया है, मामला दर्ज कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। साथ ही फरार कार चालक और उसमें सवार लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!