Super Admin · Jul 13, 2026
उदयपुर, 13 जुलाई। हजरत रोशन अली बाबा की दरगाह पर ताजिया कमेटी के लाइसेंस धारकों के सम्मान समारोह में फैज हुसैन कमेटी (बड़ा ताजिया) के चुनाव को लेकर शहर की अवाम और कमेटी के युवाओं ने रोष जाहिर किया है।
जानकारी के मुताबिक मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित हजरत रोशन अली शाह बाबा की दरगाह पर 12 जुलाई रविवार को शाम 5:00 बजे रोशन अली शाह वेलफेयर सोसाइटी के सदर मोहम्मद हारुन शाह और सेक्रेटरी निजामुद्दीन मेवाफरोश ने शहर के तमाम ताजिया कमेटी के लाइसेंस होल्डर्स़ को उनका इस्तकबाल करने के लिए बुलाया था। लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के कुछ लोगों ने लाइसेंस होल्डर्स़ को विश्वास में लेकर फैजे़ हुसैन कमेटी (बड़ा ताजिया) के सदर पद पर शाहनवाज खान एवं सेक्रेटरी पद पर रेहान कुरेशी को मनोनीत कर दिया, इसकी खबर जैसे ही कमेटी के लोगों और ताजिया से जुड़े युवाओं को लगी तो उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इसको रद्द करने की मांग की, क्योंकि पूर्व सदर मजीद खान के इंतकाल के बाद से ही लाइसेंस होल्डर व फैजे़ हुसैन कमेटी में पूर्व पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ही बड़ा ताजिया की व्यवस्था को देखते रहे हैं।
दिलचस्प बात तो यह है कि कमेटी के किसी भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी यहां तक कि बड़ा ताजिया एवं अन्य ताजिया लाइसेंस होल्डर्स़ को भी प्रोग्राम में पहुंचने से पहले इसका अनुमान नहीं था कि इस्तकबाल प्रोग्राम के बहाने वहां क्या होने वाला है?
हमने कुछ ताजिया लाइसेंस होल्डर्स, रोशन अली शाह वेलफेयर सोसाइटी के सेकेट्री निजामुद्दीन मेवाफरोश एवं वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों से बात की तो पता चला कि बड़ा ताजिया लाइसेंस होल्डर शाहनवाज खान ने इस चुनावी प्रक्रिया को गलत बताया था एवं एक माह बाद पल्टन मस्जिद परिसर में चुनाव कराए जाने की बात कही थी परंतु कुछ लाइसेंस होल्डर्स ने उन पर दबाव बनाकर इसकी घोषणा करवा दी। इस पूरी घटना पर हम कल शहर के लोगों एवं पल्टन ताजिया कमेटी के सदस्यों से ऑन कैमरा बात करके आवाम के बीच इस मसले का हल ढूंढने की कोशिश करेंगे।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!