Super Admin · Jul 15, 2026
उदयपुर। शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाली फतहसागर झील की पाल जहां बड़ी संख्या में देश भर के पर्यटकों और शहर के लोगों का तांता लगा रहता है वहां पर कुछ युवकों द्वारा हथियारों के साथ वीडियो बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक हाथों में चाकू और लट्ठ लेकर स्टाइल दिखाते और वीडियो शूट करवाते नजर आ रहे हैं। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन लोगों में डर और असुरक्षा की भावना पैदा कर रहा है। फतहसागर पर हर दिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, परिवार और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में खुलेआम हथियारों के साथ वीडियोबाजी करना कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान हुई है या नहीं। इस मामले में पुलिस की ओर से भी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यदि वायरल वीडियो की पुष्टि होती है, तो पुलिस जांच के बाद संबंधित युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि शहर के सबसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थल पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन आखिर कैसे हुआ?
Comments (0)
No comments yet. Be the first!