Super Admin · Oct 9, 2026
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में अंबामाता थाना क्षेत्र अंतर्गत कालिका पेट्रोलिंग टीम की त्वरित सतर्कता और मानवीय सूझबूझ से एक युवती की अनमोल जिंदगी बच गई। पारिवारिक या मानसिक तनाव के चलते फतेहसागर झील में कूदकर जान देने जा रही युवती को पुलिसकर्मियों ने न केवल सुरक्षित संभाला, बल्कि उसकी गहन काउंसलिंग करवाकर सुरक्षित आश्रय भी मुहैया कराया।
सूचना मिलते ही हरकत में आई टीम
आज अंबामाता थाना क्षेत्र में गश्त पर तैनात कालिका पेट्रोलिंग टीम हैड कांस्टेबल भंवर को सूचना मिली कि फतेहसागर झील किनारे एक बदहवास युवती खड़ी है, जो झील में छलांग लगाने का प्रयास कर रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल भंवर कंवर तत्काल महिला कांस्टेबल स्मिता के साथ मौके पर पहुंचे।
सूझबूझ से संभाली स्थिति, विश्वास में लिया
मौके पर युवती बेहद घबराई और बदहवास हालत में झील की ओर बढ़ने की कोशिश में थी। टीम ने बिना किसी हड़बड़ाहट के, धैर्य और मनोवैज्ञानिक सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती को रोका और उसे विश्वास में लेकर शांत किया। इसके बाद उसे सुरक्षित फतेहपुरा पुलिस चौकी लाया गया।
सिरोही की रहने वाली है युवती, परिजनों से साधा संपर्क
पूछताछ और काउंसलिंग के दौरान युवती की पहचान हिराक्षी राठौड़, निवासी सिरोही के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तुरंत सिरोही में उसके परिजनों से संपर्क साधा। पूरे घटनाक्रम और युवती की मानसिक स्थिति से अवगत कराने पर परिजनों ने आभार जताया और स्थिति को संभालते हुए अपने एक रिश्तेदार को तुरंत उदयपुर के लिए रवाना किया।
'सखी वन स्टॉप सेंटर' में सुरक्षित सुपुर्द
परिजनों के आगमन और अग्रिम औपचारिकताओं तक युवती की पूर्ण सुरक्षा एवं देखभाल को ध्यान में रखते हुए उसे ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ के सुपुर्द किया गया है। कालिका पेट्रोलिंग टीम की समय रहते की गई इस तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय नागरिकों व उच्चाधिकारियों द्वारा सराहना की जा रही है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!