Super Admin · Aug 5, 2026
उदयपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से एनएचएआई ने बारापाल क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को एनएचएआई की टीम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और राजमार्ग सीमा में किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान चिन्हित अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाया गया। पूरी कार्रवाई के समय पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कानून व्यवस्था बनी रही और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग की सुरक्षा, यातायात को सुचारु बनाए रखने और सड़क सीमा को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई की निगरानी करते रहे। इस दौरान एनएचएआई के इंसिडेंट मैनेजर ओमप्रकाश मीणा भी मौके पर उपस्थित रहे। एनएचएआई ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!