Super Admin · Jul 9, 2026
उदयपुर, 9 जुलाई। जिले के गोगुंदा उपखंड के सायरा थाना क्षेत्र स्थित नांदेशमा गांव में देर रात चोरों ने एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम दिया। बदमाशों ने जैन मंदिर, महादेव मंदिर, ठाकुर मंदिर और चामुंडा माता मंदिर के ताले तोड़ दिए। हालांकि मंदिरों से कोई सामान चोरी नहीं हो सका, लेकिन चामुंडा माता मंदिर की रसोई का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया। इसके बाद चोरों ने पानेर के थोब स्थित एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए वहां से सामान चोरी कर लिया। वहीं जलग्रहण परियोजना के एक ठेकेदार की मोटरसाइकिल भी चुरा ली गई। बताया जा रहा है कि रास्ते में बाइक का तेल खत्म होने के कारण बदमाश उसे छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद चोरी हुई बाइक बरामद कर ली गई है। वारदात के दौरान जैन मंदिर में लगे CCTV कैमरे में दो संदिग्ध बदमाश कैद हुए हैं। सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एक ही रात में मंदिरों, दुकान और बाइक चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पानेर सरपंच प्रतिनिधि शंकरलाल भील ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!