Super Admin · Aug 21, 2026
उदयपुर। सोशल मीडिया पर बाइक से स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ उदयपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में फलासिया थाना पुलिस ने बाइक पर स्टंट कर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने बाइक पर स्टंट कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने और आमजन की जान जोखिम में डालकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरवाड़ा रजत विश्नोई और पुलिस उप अधीक्षक झाड़ोल विवेक सिंह के पर्यवेक्षण में फलासिया थानाधिकारी वेलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने भुपेन्द्र पुत्र सुखलाल मेघवाल, निवासी कोल्यारी, थाना फलासिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की आर वन फाइव बाइक भी बरामद की, जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार बाइक पर स्टंट करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।फलासिया थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर विवादित या खतरनाक गतिविधियों से जुड़े वीडियो और पोस्ट की निगरानी जारी रहेगी। ऐसे मामलों में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!