Super Admin · Aug 4, 2026
उदयपुर। एएनटीएफ यानी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से करीब 340 हरे गांजे के पौधे बरामद किए हैं। यह कार्रवाई चारभुजाजी मंदिर के पीछे स्थित खेत में की गई। फिलहाल एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई जारी है। एएनटीएफ पुलिस महानिरीक्षक शरत कविराज ने बताया कि टीम को बागोल गांव में अवैध गांजे की खेती की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद टीम स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान खेत में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे लगे हुए मिले। जब पुलिस टीम खेत पर पहुंची तो वहां कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद राजस्व विभाग के अधिकारियों और हल्का पटवारी को बुलाकर जमीन के रिकॉर्ड की जांच की गई। जांच में सामने आया कि यह जमीन बागोल निवासी जमनी बाई, पत्नी मूलचंद खटीक के नाम पर दर्ज है।पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि जमीन की मालिक लंबे समय से गुजरात में रह रही है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी गांजे के पौधों को उखाड़कर नष्ट कर दिया और खेती करने वालों की तलाश शुरू कर दीbएएनटीएफ ने आम लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खेती या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!