Super Admin · Jun 21, 2026
उदयपुर, 21 जून। अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर द्वारा आयोजित उदयपुर जिला स्तरीय मुस्लिम प्रतिभा सम्मान समारोह 'परवाज़' 2026 का भव्य आयोजन टाऊन हॉल स्थित सुखाड़िया रंग मंच पर किया गया।
समारोह में शिक्षा, उच्च शिक्षा, दीनी तालीम, खेलकूद, प्रशासनिक सेवाओं, कौमी खिदमात एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले 350 से अधिक प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित कर उनकी हौसला-अफ़ज़ाई की गई।
कार्यक्रम में मेहमान-ए-ख़ास पूर्व जिला कलेक्टर उदयपुर ताराचंद मीणा थे, जबकि कार्यक्रम की सदारत अंजुमन तालीमुल इस्लाम के सदर मुख्तार कुरैशी ने की।
इस अवसर पर मेहमान-ए-खुसूसी के रूप में डॉ. वसीम खान (डायरेक्टर, RNT कॉलेज ग्रुप), इकराम कुरेशी (प्रदेश प्रवक्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा), अब्दुल क़दीर खान (पूर्व जिला आबकारी अधिकारी), असरार अहमद (पूर्व राज्य मंत्री), हाजी असलम रंगवाला (समाजसेवी), शकील हुसैन (पूर्व जिला खेल अधिकारी), लायक अली खान (सेवा तंजीम) तथा सराफत खान (पूर्व अंजुमन सदर) मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आगाज़ तिलावत-ए-क़ुरआन से हुआ। इसके पश्चात नायब सदर फारूक कुरेशी ने इस्तकबालिया तक़रीर पेश करते हुए सभी मेहमानों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया।
डॉ. सैयद इरशाद अली (कोऑर्डिनेटर) ने “परवाज़” कार्यक्रम का परिचय प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं, मेहनत, तालीमी कामयाबियों और कौमी खिदमात को पहचान देना तथा नई नस्ल को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
समारोह में वक्ताओं ने शिक्षा, हुनर, खेलकूद, दीनी तालीम और समाजी खिदमात के क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज की तरक्की का रास्ता तालीम, सकारात्मक सोच और सामाजिक एकता से होकर गुजरता है।
अंजुमन के सेक्रेट्री एडवोकेट मुस्तफा शेख ने अपने संबोधन में अंजुमन के मुस्तकबिल के विज़न को साझा करते हुए उदयपुर में अंजुमन तालीमुल इस्लाम इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू करने की योजना की घोषणा की। अध्यक्षीय संबोधन में मुख्तार कुरेशी ने अंजुमन की नई काबीना के एक वर्ष पूर्ण होने पर बीते वर्ष में किए गए विभिन्न कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, प्रोफेशनल डिग्री धारकों, हाफिज़, आलिम, खिलाड़ियों, प्रशासनिक सेवाओं में चयनित युवाओं तथा समाजी खिदमात अंजाम देने वाली शख्सियतों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जॉइंट सेक्रेट्री इज़हार हुसैन ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी मेहमानों, प्रतिभागियों, सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों का शुक्रिया अदा किया।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यार्थियों, समाज के गणमान्य नागरिकों आलिम हज़रात मौलाना सोबदार आलम, हाफिज आज़म रिज़वी, शहर काजी हामिद रज़ा , मुफ्ती अहमद हुसैन तथा अंजुमन के केबिनेट से तनवीर चिश्ती, एडवोकेट मोहम्मद शहज्जाद, तोकिर रज़ा,अनीस रज़ा अनीस अब्बासी, फकरुद्दीन शेख, मोहम्मद इरशाद, एडवोकेट आदिल, एवं जनरल हाउस मेम्बरान ने शिरकत की।
Comments (0)
No comments yet. Be the first!